आईपीएस की मां हत्याकांड

अंबेडकरनगर में आईपीएस अधिकारी की मां की हत्या के मामले में पुलिस को अब तक ठोस सुराग नहीं मिला, चार टीमें रिश्तेदारों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही हैं।

अंबेडकरनगर में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती की हत्या के मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी है। घटना के कई दिन बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए चार टीमें लगाई हैं। टीमें सगे-संबंधियों, नौकरों और गांव के लोगों से पूछताछ कर रही हैं।

मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरुआ गांव में 16 अगस्त को इंद्रावती का शव उनके घर में मिला था। बताया गया कि उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था और होंठों पर चोट व खून के निशान थे। घटना के बाद उनके शरीर पर मौजूद आभूषण भी गायब मिले थे। इनमें सोने की चेन, तुलसी माला में सोने की गुड़िया, कुंडल, पायल और नथुनी समेत अन्य जेवर शामिल बताए गए।

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। डीआईजी सोमेन वर्मा ने भी गांव पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा से मुलाकात की। उन्होंने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस बीच सोशल मीडिया पर जेवरात बरामद होने की खबरें प्रसारित होने लगीं। हालांकि, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने ऐसी खबरों को गलत बताते हुए स्पष्ट किया कि अभी तक गायब जेवरात बरामद नहीं हुए हैं।

पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button