ईरानी विदेश मंत्री का तंज: अमेरिका पहले रोकता था, अब रूस से तेल खरीदने की भीख मांग रहा

अराघची ने व्हाइट हाउस और यूरोपीय देशों की आलोचना की, भारत के जहाजों को होर्मुज से गुजरने की मिली अनुमति

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने अमेरिका पर तीखा तंज कसा और कहा कि जो देश पहले भारत समेत दुनियाभर को रूस से कच्चा तेल न खरीदने का दबाव बना रहा था, अब वही अमेरिका दुनिया से रूस के तेल की मांग कर रहा है।

अराघची ने सोशल मीडिया पर लिखा, “अमेरिका ने भारत को रूस से तेल आयात बंद करने के लिए महीनों धमकाया। ईरान के साथ दो हफ्ते के युद्ध के बाद, व्हाइट हाउस अब दुनिया से, जिसमें भारत भी शामिल है, रूस के कच्चा तेल खरीदने की भीख मांग रहा है।”

ईरान ने यूरोपीय देशों की नीतियों की भी आलोचना की

अराघची ने यूरोपीय देशों पर भी निशाना साधा और कहा कि यूरोप ने सोचा था कि ईरान पर अवैध युद्ध का समर्थन करने से उन्हें रूस के खिलाफ अमेरिकी समर्थन मिलेगा। उन्होंने इसे “दयनीय” करार दिया।

भारत के जहाजों को होर्मुज से सुरक्षित गुजरने की अनुमति

इस बीच, रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ईरान ने भारत के झंडे वाले दो LPG वाहक जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दी है। ईरान के राजदूत मोहम्मद फथाली ने पुष्टि की कि भारत जाने वाले जहाजों को सुरक्षित मार्ग प्रदान किया जाएगा।

फथाली ने कहा, “भारत और हम दोस्त हैं। हमारा साझा भविष्य और हित एक हैं। भारत के लोगों का दुख हमारा दुख है और हमारा दुख भारत के लोगों का दुख है। इसी वजह से भारत सरकार हमारी मदद करती है और हमें भी उनकी मदद करनी चाहिए।”

Related Articles

Back to top button