ये प्रेरणा स्थल है या पंडा स्थल?’ AIMIM नेता ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल को लेकर BJP पर साधा निशाना

लखनऊमें राष्ट्र प्रेरणा स्थल के उद्घाटन से पहले प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस स्थल के उद्घाटन को लेकर AIMIM ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है।
AIMIM प्रवक्ता सैयद असीम वकार ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि इसे प्रेरणा स्थल कहा जा रहा है, लेकिन यहां केवल ब्राह्मण समुदाय से जुड़े नेताओं की मूर्तियां लगाई गई हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “यह प्रेरणा स्थल है या पंडा स्थल?”
AIMIM ने क्या कहा
सैयद असीम वकार ने कहा कि स्थल पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय, पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित अटल बिहारी वाजपेयी की विशाल मूर्तियां स्थापित की गई हैं। उनका कहना था कि देश में ब्राह्मण समाज की आबादी करीब 4 प्रतिशत है, जबकि शेष 96 प्रतिशत आबादी से जुड़े किसी भी महापुरुष की प्रतिमा यहां नहीं लगाई गई।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या देश के बाकी समुदायों से कोई ऐसा महापुरुष नहीं हुआ, जिन्हें इस प्रेरणा स्थल में स्थान दिया जा सकता था।
समाजवादी पार्टी ने भी उठाए सवाल
राष्ट्र प्रेरणा स्थल को लेकर समाजवादी पार्टी ने भी आपत्ति जताई है। सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा कि जिन महापुरुषों की मूर्तियां लगाई गई हैं, उनके योगदान से इंकार नहीं किया जा सकता, लेकिन यदि पीडीए समाज से जुड़े अन्य महापुरुषों की मूर्तियां भी शामिल की जातीं, तो यह कदम और अधिक समावेशी होता।
सपा का कहना है कि इस स्थल पर और भी महापुरुषों की प्रतिमाएं लगाई जा सकती थीं, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को प्रेरणा मिलती।
सियासी बयानबाज़ी तेज
राष्ट्र प्रेरणा स्थल के उद्घाटन से पहले AIMIM और समाजवादी पार्टी की प्रतिक्रियाओं ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाज़ी और तेज होने की संभावना है।



