करवा चौथ स्पेशल: पत्नी के व्रत खोलने के लिए बनाएं जाफरानी खीर, स्वाद से बढ़ेगा प्यार

करवा चौथ का व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद खास होता है। इस दिन वे पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर अपने पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं। ऐसे में पतियों का भी फर्ज बनता है कि वे अपनी पत्नी के लिए कुछ खास तैयार करें। अगर आप भी इस करवाचौथ पर पत्नी को स्पेशल फील कराना चाहते हैं, तो उनके लिए जाफरानी खीर बना सकते हैं।
व्रत खोलने के समय घरों में मीठे पकवानों का खास महत्व होता है और खीर उनमें से सबसे प्रिय है। जाफरानी खीर की खुशबू, स्वाद और इसका सुनहरा रंग त्योहार के माहौल को और भी खास बना देता है। यह न केवल स्वादिष्ट होती है बल्कि व्रत के बाद पचाने में भी हल्की होती है, जिससे यह स्वास्थ्यवर्धक विकल्प बन जाती है।
जाफरानी खीर बनाने की सामग्री
- बासमती चावल – 1/4 कप
- दूध – 1 लीटर
- चीनी – 1/2 कप
- केसर – 10-12 धागे
- इलायची पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
- कटे हुए बादाम, काजू, पिस्ता – 2-3 टेबल स्पून
- देसी घी – 1 टेबल स्पून
बनाने की विधि
- सबसे पहले चावलों को धोकर 30 मिनट के लिए भिगो दें ताकि वे जल्दी गल जाएं।
- साथ ही, केसर को 2 टेबल स्पून गर्म दूध में भिगो दें ताकि रंग और खुशबू अच्छी आए।
- अब एक भारी तले वाले भगोने में दूध डालकर उबालें। जब दूध उबलने लगे, तो इसमें भीगे हुए चावल डाल दें और धीमी आंच पर पकने दें।
- जब चावल नरम हो जाएं और दूध गाढ़ा हो जाए, तब इसमें चीनी मिलाएं और कुछ देर चलाएं।
- अब इसमें केसर वाला दूध और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।
- आखिर में ऊपर से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स और घी डालें और 5 मिनट धीमी आंच पर पकाएं।





