अलवर में जमीन विवाद ने पकड़ा तूल, प्रशासन की कार्रवाई पर स्थानीय लोगों ने जताया विरोध

शहर के एनईबी थाना क्षेत्र के विजय नगर इलाके में गुरुवार देर रात विवादित भूखंड पर कब्जे को लेकर हंगामे की स्थिति बन गई। आरोप है कि भूमाफियाओं ने जमीन पर कब्जा करने के लिए देर रात बुलडोजर चलाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें एक महिला पुलिस पर भूमाफियाओं से मिलीभगत का आरोप लगाती नजर आ रही है।
महिला ने लगाया गंभीर आरोप
विजय नगर निवासी खुशबू शर्मा ने बताया कि उनके भूखंड पर रात करीब 11 बजे अवैध रूप से बुलडोजर चलाकर कब्जा किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब पुलिस को सूचना दी गई, तब भी मौके पर कोई नहीं पहुंचा। खुशबू का कहना है कि भूमाफिया मानवेंद्र उपाध्याय उनके भूखंड पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस घटना से उनकी बुजुर्ग मां की तबीयत भी बिगड़ गई है।
दूसरे पक्ष ने जताया अपना हक
वहीं, दूसरे पक्ष मानवेंद्र उपाध्याय का कहना है कि संबंधित भूखंड उनका ही है और वे अपने स्वामित्व वाली भूमि पर काम कर रहे थे।
पुलिस ने दी सफाई
एनईबी थाना पुलिस ने बताया कि मामले की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच जारी है।




