मनसा देवी मंदिर में महंत रवींद्र पुरी का सख्त संदेश, पुजारियों की तलाशी लेकर दी चेतावनी

मंदिर में लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस, वायरल वीडियो को बताया पुराना; भ्रामक पोस्ट फैलाने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

हरिद्वार स्थित मां मनसा देवी मंदिर में व्यवस्थाओं को लेकर मंदिर ट्रस्ट ने सख्त रुख अपनाया है। भारतीय अखाड़ा परिषद और मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज ने मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी पुजारियों की तलाशी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान महंत रवींद्र पुरी ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में 25 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से सभी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उनका कहना था कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिर की व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है।

महंत रवींद्र पुरी ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कई वर्ष पुराने वीडियो साझा कर मंदिर की छवि खराब करने और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

Related Articles

Back to top button