लखनऊ में 22-25 मार्च कला, संगीत और व्यंजन उत्सव
वैश्विक शांति और एकता संदेश के लिए चार दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन

लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 22 से 25 मार्च 2026 तक चार दिवसीय ‘विश्व शांति एवं स्थिरता के लिए समर्पित कला, संगीत और व्यंजन उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन उत्तर प्रदेश राजकीय अभिलेखागार और व्हाइटस्वान आर्ट, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में लखनऊ के शहीद स्मृति भवन में होगा।
उद्घाटन समारोह 22 मार्च को प्रख्यात कलाकार प्रो. जय कृष्ण अग्रवाल करेंगे। इतिहासकार डॉ. रवि भट्ट और वरिष्ठ पत्रकार प्रो. सुधीर मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। 23 मार्च को व्हाइटस्वान आर्ट की संस्थापक डॉ. अंजली निगम तानपुरे द्वारा प्रार्थना का आयोजन होगा। इसके बाद ‘विश्व शांति एवं स्थिरता में समर्पित कला’ विषय पर पैनल चर्चा और लखनऊ के उभरते कलाकारों द्वारा संगीत प्रस्तुति दी जाएगी।
इस अवसर पर पारंपरिक और विस्मृत व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां स्थानीय खानपान की विविधता का अनुभव कराया जाएगा। 24 मार्च को चाइल्ड फंड सर्विसेज के सहयोग से विशेष आवश्यकता वाले और वंचित बच्चों के लिए आर्ट कैंप आयोजित किया जाएगा, जिसमें कलाकार और कला संस्थानों के विद्यार्थी भाग लेंगे। 25 मार्च को इस उत्सव का समापन होगा।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि कला और संस्कृति समाज को जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। आयोजकों का मानना है कि कला, संगीत और व्यंजन के माध्यम से लोगों के बीच संवाद स्थापित कर शांति और सामंजस्य का संदेश अधिक प्रभावी ढंग से फैलाया जा सकता है।




