25 लाख की साइबर ठगी का मास्टरमाइंड बंगाल से गिरफ्तार, फर्जी फर्म से करता था खेल

देहरादून के कारोबारी को बनाया था शिकार, एसटीएफ ने अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह का सदस्य दबोचा

उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने 24.95 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के एक अहम सदस्य को पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जियाउर गाजी (40) के रूप में हुई है, जो संगठित साइबर गिरोह के लिए फर्जी फर्मों के जरिए बैंक खाते खुलवाने, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड उपलब्ध कराने का काम करता था।

यह मामला देहरादून के एक कारोबारी की शिकायत के बाद सामने आया। पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में बताया कि साइबर अपराधियों ने उनका मोबाइल फोन हैक कर ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर बदल दिया। इसके बाद कंपनी के बैंक खाते से लगभग 24.95 लाख रुपये निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 61(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66-डी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान एसटीएफ ने डिजिटल साक्ष्यों, बैंकिंग ट्रांजैक्शन और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद पश्चिम बंगाल में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में साइबर गिरोह के नेटवर्क और अन्य सदस्यों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है। एसटीएफ का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न राज्यों में कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button