दिल्ली में मानसून बेअसर! ऑरेंज अलर्ट के बावजूद नहीं बरसे बादल

भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान, 7 से 12 जुलाई तक बारिश का यलो अलर्ट जारी

दिल्ली-एनसीआर में मानसून की दस्तक के बावजूद मौसम ने लोगों को राहत नहीं दी। सोमवार को मौसम विभाग ने बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, लेकिन राजधानी के अधिकांश इलाकों में बारिश नहीं हुई। सुबह से तेज धूप और दिनभर उमस भरी गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दोपहर के समय गर्म हवाओं के थपेड़ों ने गर्मी का एहसास और बढ़ा दिया।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम आर्द्रता 98 प्रतिशत और न्यूनतम 55 प्रतिशत रही, जिससे उमस काफी बढ़ गई। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अब 7 से 12 जुलाई तक दिल्ली-एनसीआर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि मौसम में बदलाव पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button