ओल्ड राजेंद्र नगर हादसा: CBI की क्लोजर रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, तीन MCD अधिकारी लापरवाही के जिम्मेदार
राउज एवेन्यू कोर्ट में दाखिल रिपोर्ट में अवैध बेसमेंट इस्तेमाल पर सवाल, दो वरिष्ठ अधिकारियों को मिली क्लीन चिट
दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर कोचिंग सेंटर हादसे की जांच में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने अपनी क्लोजर रिपोर्ट राउज एवेन्यू कोर्ट में दाखिल कर दी है। रिपोर्ट में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के भवन विभाग के तीन अधिकारियों को ड्यूटी में लापरवाही का जिम्मेदार ठहराया गया है, जबकि पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर दो वरिष्ठ अधिकारियों को क्लीन चिट दी गई है।
सीबीआई के अनुसार, 27 जुलाई 2024 को जिस कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में बारिश का पानी भरने से तीन यूपीएससी अभ्यर्थियों की मौत हुई थी, वहां लंबे समय से बेसमेंट का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित अधिकारियों ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिससे गंभीर हादसा हुआ।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि रिकॉर्ड में संबंधित परिसर को फर्नीचर स्टोर के रूप में दर्शाया गया था, जबकि वास्तविक उपयोग अलग था। इस तथ्य ने भवन के निरीक्षण और निगरानी व्यवस्था पर कई सवाल खड़े किए हैं।
सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट के बाद अब मामले पर अदालत में आगे की सुनवाई होगी। इस मामले ने राजधानी में भवन सुरक्षा, अवैध निर्माण और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर नई बहस छेड़ दी है।



