राम मंदिर ध्वजारोहण समारोह: अभिजीत मुहूर्त में पीएम मोदी ने फहराया भगवा ध्वज, अयोध्या में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे

अभिजीत मुहूर्त के शुभ समय में अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक भगवा धर्म ध्वज फहराया, जिसके साथ ही पूरा परिसर ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गूंज उठा। पीएम ने आरएसएस सरसंघचालक मोहन भागवत के साथ सभी मंदिरों में दर्शन-पूजन किया और अपने संबोधन में कहा कि आज सदियों के घाव भर रहे हैं तथा रामराज्य के आदर्शों का पुनर्जागरण हो रहा है। उन्होंने ध्वज पर अंकित सूर्य और कोविदार वृक्ष को रघुकुल की मर्यादा, सत्य और राष्ट्रधर्म का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह ध्वज आने वाले युगों को प्रेरित करेगा। पीएम मोदी ने 1835 में मैकाले द्वारा बोई गई मानसिक गुलामी की सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अगले 10 वर्षों में इस मानसिकता से मुक्ति पाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्राण प्रतिष्ठा के बाद से अब तक 45 करोड़ श्रद्धालु अयोध्या पहुंच चुके हैं, जिससे क्षेत्र का आर्थिक और सांस्कृतिक विकास तेजी से हुआ है। वहीं, मोहन भागवत ने इसे 500 वर्षों के संघर्ष की सिद्धि बताते हुए कहा कि आज रामराज्य का ध्वज पुनः उसी वैभव से फहरा है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी इसे भारत की आस्था और स्वाभिमान का प्रतीक बताया। ध्वजारोहण के बाद प्रधानमंत्री अयोध्या से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

Related Articles

Back to top button