ईरान से भारत के लिए राहत भरी खबर, 44 हजार टन LPG लेकर मुंबई की ओर बढ़ा जहाज
गैस संकट के बीच सातवां एलपीजी टैंकर भारत रवाना, सप्लाई सुधारने की उम्मीद

पश्चिम एशिया में जारी तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के बीच भारत के लिए राहत की खबर सामने आई है। ईरान ने भारत के एक एलपीजी टैंकर को अपने समुद्री क्षेत्र से सुरक्षित निकलने की अनुमति दे दी है, जिससे देश में चल रहे गैस संकट के बीच उम्मीदें बढ़ गई हैं।
यह जहाज करीब 44,000 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर भारत के मुंबई बंदरगाह की ओर बढ़ रहा है। मौजूदा हालात में यह सप्लाई बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि देश के कई हिस्सों में एलपीजी की कमी के चलते उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह टैंकर होर्मुज स्ट्रेट के संवेदनशील क्षेत्र से गुजरकर सुरक्षित पूर्वी हिस्से में पहुंच चुका है और अब पूरी गति से भारत की ओर बढ़ रहा है। इस जहाज का नाम ‘ग्रीन सान्वी’ बताया जा रहा है, जो समुद्री मार्ग से सुरक्षित यात्रा कर रहा है।
इससे पहले भी पिछले एक महीने में छह एलपीजी से भरे जहाज भारत पहुंच चुके हैं। यह सातवां जहाज है जो इस कठिन समुद्री मार्ग को पार करके भारत की ओर रवाना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस खेप के पहुंचने से देश में गैस सप्लाई को काफी हद तक स्थिर करने में मदद मिलेगी।
रिपोर्ट के अनुसार, अभी भी कई भारतीय जहाज होर्मुज स्ट्रेट के आसपास इंतजार कर रहे हैं। लगभग 17 जहाज इस क्षेत्र में मौजूद हैं, जिनमें कुछ पूरी तरह एलपीजी से भरे हुए हैं। इन जहाजों को भी जल्द क्लीयरेंस मिलने की संभावना जताई जा रही है।
अगर ये सभी टैंकर समय पर भारत पहुंचते हैं तो देश में एलपीजी आपूर्ति की स्थिति और बेहतर हो सकती है और आम जनता को राहत मिल सकती है।




