सहस्त्रधारा में सेल्फी बनी जानलेवा

नदी के बीच सेल्फी लेते समय हरियाणा की 28 वर्षीय महिला का पैर फिसला, तेज बहाव में बहने के बाद अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।

देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। हरियाणा से घूमने आई 28 वर्षीय महिला नेहा नदी के बीच सेल्फी लेते समय तेज बहाव की चपेट में आ गई। बताया गया कि फोटो खींचने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरी।

घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के तेज बहाव में बहने की जानकारी मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने महिला की तलाश शुरू की।

काफी प्रयास के बाद महिला को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, सीजन ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल संदीप जोगीवाल ने घटना की सूचना चौकी आईटी पार्क को दी थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया।

सहस्त्रधारा देहरादून का प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां बारिश के मौसम में नदी और जलधाराओं का बहाव काफी तेज हो जाता है। ऐसे में नदी के बीच जाकर फोटो या सेल्फी लेना बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है। इस हादसे ने एक बार फिर पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button