स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे ट्रेलर रिलीज, हल्क बना दुश्मन
टॉम हॉलैंड के पीटर पार्कर रहस्यमयी बदलाव से जूझते नजर आए, मार्क रफालो की हल्क के रूप में दमदार वापसी
‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसमें मार्वल यूनिवर्स की एक नई और रोमांचक कहानी की झलक दिखाई गई है। इस बार कहानी में पीटर पार्कर यानी टॉम हॉलैंड एक बड़े और रहस्यमयी बदलाव से जूझते नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी जिंदगी और सुपरहीरो पहचान दोनों पर संकट खड़ा हो गया है।
ट्रेलर में सबसे बड़ा सरप्राइज हल्क की वापसी है, जिसमें मार्क रफालो एक बार फिर ब्रूस बैनर के रूप में दिखाई देते हैं। लेकिन इस बार हल्क और स्पाइडर-मैन के बीच टकराव की स्थिति बनती नजर आ रही है, जिससे कहानी और भी ज्यादा दिलचस्प हो जाती है। लगभग दो मिनट 39 सेकंड के इस ट्रेलर में एक्शन, इमोशन और सस्पेंस का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलता है।
फिल्म में पीटर पार्कर अकेलेपन और आंतरिक संघर्ष से जूझते दिख रहे हैं, जहां उसके सामने पुराने दोस्त और नए दुश्मन दोनों चुनौती बनकर खड़े हैं। ट्रेलर में कई रहस्यमयी संकेत भी दिए गए हैं, जो आने वाली कहानी को और भी पेचीदा बनाते हैं।
मार्वल फैंस के लिए यह फिल्म एक बड़ा सरप्राइज पैक साबित हो सकती है, जिसमें सुपरहीरो की दुनिया में नए ट्विस्ट और टकराव देखने को मिलेंगे।




