राज्य विश्वविद्यालय के परिणामों को लेकर छात्रों ने किया जोरदार प्रदर्शन
बैक और फेल छात्रों की प्रमोशन की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय परिसर में जताया आक्रोश

प्रयागराज। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) राज्य विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के छात्रों ने गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन कर अपने आक्रोश को व्यक्त किया। छात्रों का आरोप है कि हाल ही में घोषित स्नातक और परास्नातक परीक्षा परिणाम में असामान्य रूप से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को बैक या फेल किया गया है, जिससे उनके शैक्षणिक भविष्य पर संकट मंडरा रहा है।
छात्रों की मुख्य मांग है कि बैक किए गए विद्यार्थियों को प्रमोट किया जाए या परिणाम की निष्पक्ष समीक्षा कराई जाए। प्रदर्शन में प्रतापगढ़, कौशांबी, मीरजापुर, भदोही और फतेहपुर समेत कई जिलों से छात्र शामिल हुए। करीब दो घंटे तक छात्र विश्वविद्यालय परिसर में डटे रहे, लेकिन प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। स्थिति को देखते हुए परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया। कुलपति प्रोफेसर अखिलेश सिंह ने छात्रों को चुनौती मूल्यांकन के लिए आवेदन करने की सलाह दी।
विश्वविद्यालय ने अब तक करीब तीन लाख छात्रों के परिणाम घोषित किए हैं, जिनमें से लगभग 50 हजार छात्र फेल हुए हैं। परास्नातक विज्ञान विषयों में जंतु विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित और वनस्पति विज्ञान में पास प्रतिशत मात्र 35 से 48 प्रतिशत रहा। बीकॉम पांचवें सेमेस्टर में केवल 48 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए। एलएलबी और बीएएलएलबी में भी पास प्रतिशत 38 से 40 के बीच रहा।
छात्रों ने बताया कि 13 मार्च के प्रदर्शन के बाद गठित रिव्यू कमेटी द्वारा केवल 10 प्रतिशत विद्यार्थियों को प्रमोट किया गया। शेष छात्रों के भविष्य को लेकर छात्रों ने धरना-प्रदर्शन किया और अन्य छात्रों की प्रमोशन की मांग पर जोर दिया।





