दून अस्पताल में बच्चे को जान से मारने की धमकी का आरोप, चॉकलेट रैपर फेंकने पर हुआ हंगामा
रेडियोलॉजी विभाग में महिला सफाईकर्मी और मरीज के परिजनों के बीच विवाद, शिकायत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने शुरू की जांच
देहरादून के दून अस्पताल में चॉकलेट का रैपर जमीन पर फेंकने की घटना को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि एक बच्चे द्वारा रैपर फेंकने पर महिला सफाईकर्मी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और मरीज के परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा।
जानकारी के अनुसार, यह घटना अस्पताल की ओपीडी बिल्डिंग स्थित रेडियोलॉजी विभाग में हुई। पीड़िता ज्योति ने अस्पताल प्रबंधन को दी शिकायत में बताया कि वह अपने बच्चे के साथ अल्ट्रासाउंड कराने आई थीं। इसी दौरान बच्चे ने चॉकलेट खाकर उसका रैपर जमीन पर फेंक दिया। आरोप है कि वहां मौजूद महिला सफाईकर्मी ने इस बात पर बच्चे और परिजनों से झगड़ा शुरू कर दिया।
शिकायत के मुताबिक, परिजनों ने तुरंत रैपर उठाकर सफाई कर दी, लेकिन इसके बावजूद महिला सफाईकर्मी कथित रूप से गाली-गलौज करती रही और बच्चे को जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने पर अस्पताल के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया।
अस्पताल प्रबंधन ने शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



