जौहर यूनिवर्सिटी में बढ़ी हलचल, तजीन फात्मा ने पुलिसकर्मियों को परिसर से बाहर कराया

38 भवन अवैध घोषित होने के बाद पहुंचीं आजम खां की पत्नी, कानूनी लड़ाई का ऐलान; आरडीए ने 20 दिन में कार्रवाई की चेतावनी दी

रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने विश्वविद्यालय परिसर में बने 40 में से 38 भवनों को बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्मित मानते हुए अवैध घोषित कर दिया है। साथ ही प्रबंधन को 20 दिन के भीतर स्वयं इन भवनों को हटाने का निर्देश दिया गया है। ऐसा नहीं होने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां की पत्नी एवं पूर्व सांसद डॉ. तजीन फात्मा विश्वविद्यालय पहुंचीं। उन्होंने कहा कि संस्थान को अपना पक्ष रखने के लिए समय मिला है और प्रबंधन कानूनी सलाह लेकर आगे की कार्रवाई करेगा। उन्होंने दावा किया कि उनके पास न्यायालय का आदेश है, जिसके आधार पर प्रशासन और पुलिस विश्वविद्यालय परिसर में इस तरह नहीं बैठ सकते। इसके बाद उन्होंने परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों को बाहर जाने के लिए कहा।

उधर, लोक निर्माण विभाग ने विश्वविद्यालय परिसर से होकर गुजरने वाली लगभग तीन किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क को सार्वजनिक मार्ग घोषित करते हुए मुख्य प्रवेश द्वार पर सूचना बोर्ड भी लगा दिए हैं। पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रबंधन की गतिविधियों पर सभी की नजर बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button