‘तबाही’ गाने पर कियारा की ट्रोलिंग के खिलाफ बोले ‘टॉक्सिक’ के अभिनेता, दोहरे रवैये पर उठाए सवाल

यश की तारीफ और कियारा की आलोचना पर बेनेडिक्ट गैरेट नाराज, बोले- यही समाज की सोच और पाखंड को दिखाता है

फिल्म ‘टॉक्सिक’ के गाने ‘तबाही’ को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस के बीच फिल्म के ब्रिटिश अभिनेता बेनेडिक्ट गैरेट ने ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कियारा आडवाणी को निशाना बनाए जाने और उसी गाने में अभिनेता यश की तारीफ किए जाने पर सवाल उठाते हुए इसे समाज का दोहरा रवैया बताया।

बेनेडिक्ट गैरेट ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो में कहा कि एक ही दृश्य में दोनों कलाकार शामिल हैं, लेकिन आलोचना केवल कियारा को झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि यश भी शादीशुदा हैं और पिता हैं, फिर भी उन्हें सराहा जा रहा है, जबकि कियारा को रोमांटिक और बोल्ड दृश्यों के लिए ट्रोल किया जा रहा है।

अभिनेता ने इसे लैंगिक भेदभाव और सामाजिक पाखंड का उदाहरण बताते हुए कहा कि कलाकारों का मूल्यांकन समान मानकों पर होना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अभिनेता या अभिनेत्री के साथ अलग-अलग नजरिया अपनाना उचित नहीं है।

‘तबाही’ गाना रिलीज होने के बाद से लगातार चर्चा में है और सोशल मीडिया पर इसे लेकर समर्थकों और आलोचकों के बीच बहस जारी है।

Related Articles

Back to top button