मसूरी में दर्दनाक हादसा: ब्रेक फेल होने से 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चार लोगों की मौत
मसूरी के झड़ीपानी रोड स्थित बार्लोगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली और हरियाणा के चार पर्यटकों से भरी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
उत्तराखंड के मसूरी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। झड़ीपानी रोड के बार्लोगंज क्षेत्र में एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह कार के ब्रेक फेल होना बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद खाई में गिरे वाहन तक पहुंचा गया। कार में सवार चारों यात्रियों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि मृतक दिल्ली और हरियाणा के रहने वाले थे और घूमने के लिए मसूरी आए थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।


