तृप्ति डिमरी ने रचा इतिहास, बनीं विक्टोरिया सीक्रेट की पहली भारतीय ब्रांड एंबेसडर

‘एनिमल’ की सफलता के बाद वैश्विक फैशन ब्रांड से जुड़कर भारतीय सिनेमा और फैशन को दिलाई नई पहचान

अभिनेत्री तृप्ति डिमरी ने एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय मुकाम हासिल करते हुए इतिहास रच दिया है। फिल्म ‘एनिमल’ की अपार सफलता के बाद वे अब दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फैशन ब्रांड विक्टोरिया सीक्रेट की पहली भारतीय ब्रांड एंबेसडर बन गई हैं। यह उपलब्धि न केवल उनके बढ़ते वैश्विक स्टारडम का प्रतीक है, बल्कि भारतीय सिनेमा और सौंदर्य की अंतरराष्ट्रीय पहचान को भी मजबूत करती है।

विक्टोरिया सीक्रेट लंबे समय से वैश्विक मॉडल्स और फैशन शो के लिए जाना जाता है, लेकिन अब तक किसी भारतीय अभिनेत्री को इस तरह की आधिकारिक भूमिका नहीं दी गई थी। इससे पहले भारतीय मूल की मॉडल्स जैसे नीलम गिल ने इस ब्रांड के फैशन शो में रैंप वॉक कर पहचान बनाई थी, लेकिन एंबेसडर के रूप में यह पहली बड़ी साझेदारी है।

ब्रांड के साथ जुड़ने पर तृप्ति डिमरी ने कहा कि उनके लिए आकर्षण केवल बाहरी सुंदरता नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और अपनी पहचान को गर्व से अपनाना है। उन्होंने कहा कि असली सुंदरता वही है जो आत्मविश्वास से झलकती है।

इस साझेदारी के साथ तृप्ति अब वैश्विक फैशन अभियानों में प्रमुख भूमिका निभाएंगी, जिससे भारतीय बाजार में इस ब्रांड की पकड़ और मजबूत होने की उम्मीद है। विक्टोरिया सीक्रेट की शुरुआत 1977 में कैलिफोर्निया में हुई थी और यह दुनिया के सबसे बड़े लॉन्जरी और फैशन ब्रांड्स में से एक है।

फिल्मी करियर की बात करें तो तृप्ति जल्द ही स्पिरिट में साउथ सुपरस्टार प्रभास के साथ नजर आएंगी। इसके अलावा वह कॉमेडी-ड्रामा ‘मां-बहन’ और एक संभावित परवीन बाबी बायोपिक में भी दिखाई दे सकती हैं।

Related Articles

Back to top button