राशन नहीं मिलने पर बवाल: डीलर के परिवार पर हमला, लाठी-डंडों से 7 लोग घायल

राजस्थान के अलवर जिले में राशन वितरण को लेकर बड़ा विवाद हो गया। मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दो पक्षों में लाठी-डंडे व धारदार हथियार चल गए। घटना में चार महिलाओं सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को अलवर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र के साधन का बास नंगला बंजीरका गांव का है।
पोर्टल बंद होने से नहीं हो रहा था राशन वितरण
गांव में राशन डीलर सूबेदीन की दुकान पिछले दो दिनों से बंद थी। बताया जा रहा है कि पोर्टल बंद होने के कारण राशन वितरण रुका हुआ था। इसी बात को लेकर गांव के अती मोहम्मद, शाकिर, हारून सहित एक दर्जन से ज्यादा लोग डीलर के घर पहुंचे और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में 7 लोग घायल, एक की हालत नाजुक
हमले में जमशेद, तैयब, मुबीन, संजी, शर्मिला, आसिफा और मेमुना गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अलवर के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में तैयब की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घायल जमशेद ने बताया कि आरोपी आए दिन विवाद करते रहते हैं। पोर्टल बंद होने की जानकारी देने के बावजूद उन्होंने हमला कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





