शॉर्ट्स-बनियान में मंदिर पहुंचे वरुण धवन, वीडियो वायरल होते ही फैंस ने किया ट्रोल
फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की रिलीज से पहले वरुण धवन मंदिर जाकर प्रार्थना करने पहुंचे, लेकिन शॉर्ट्स और बनियान में नजर आने पर सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें घेर लिया।

वरुण धवन अपनी अपकमिंग फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की रिलीज से पहले सुर्खियों में आ गए हैं। फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और इससे पहले वरुण मंदिर जाकर फिल्म की सफलता के लिए प्रार्थना करने पहुंचे थे। हालांकि, उनकी मंदिर विजिट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही वे ट्रोलिंग का शिकार हो गए।
दरअसल, वीडियो में वरुण धवन शॉर्ट्स और बनियान पहने मंदिर से बाहर निकलते दिखाई दिए। उनके माथे पर तिलक भी लगा हुआ था। मंदिर के बाहर उन्होंने पैप्स को प्रसाद बांटा और कुछ फैंस के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। लेकिन यही पहनावा सोशल मीडिया यूजर्स को नागवार गुजरा और कई लोगों ने उन्हें धार्मिक स्थान पर इस तरह जाने को लेकर खरी-खोटी सुनाई।
सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने सवाल किया कि मंदिर जाने का यह कौन-सा तरीका है, जबकि कुछ ने कहा कि मंदिर जाते समय उचित कपड़े पहनने चाहिए। कुछ प्रतिक्रियाओं में बॉलीवुड स्टार्स पर पश्चिमी कल्चर अपनाने का आरोप भी लगाया गया। दूसरी ओर, कई फैंस ने वरुण की भक्ति की भावना का समर्थन किया और कहा कि मंदिर पहुंचना ही बड़ी बात है।




