बृजभूषण के बरी होने पर विनेश फोगाट नाराज, फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती देने का एलान

राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले के बाद विनेश फोगाट ने कहा कि महिला पहलवान न्याय के लिए कानूनी लड़ाई जारी रखेंगी।

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट से बरी किए जाने के बाद पूर्व ओलंपियन विनेश फोगाट ने फैसले पर निराशा जताई है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय के खिलाफ उच्च अदालत में अपील की जाएगी और न्याय की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

सोमवार को अदालत ने बृजभूषण शरण सिंह और सह-आरोपी विनोद तोमर को आरोपों से बरी कर दिया। फैसले के बाद विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए कहा कि महिला पहलवानों को इस फैसले से गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआत से ही पूरा प्रशासन, सरकार और व्यवस्था बृजभूषण शरण सिंह को बचाने में लगी हुई थी।

विनेश फोगाट ने अपने संदेश में कहा कि यह लड़ाई केवल कुछ खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि न्याय और महिलाओं की गरिमा से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अदालत के फैसले के खिलाफ कानूनी विकल्प अपनाए जाएंगे और उच्च न्यायालय में अपील दायर की जाएगी।

गौरतलब है कि इस मामले ने देशभर में लंबे समय तक चर्चा बटोरी थी और कई पहलवानों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था। अब अदालत के फैसले के बाद एक बार फिर यह मामला सुर्खियों में आ गया है। फिलहाल महिला पहलवानों की ओर से फैसले को चुनौती देने की तैयारी की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं।


Related Articles

Back to top button