यूपी के युवाओं को घर बैठे मिलेगी फ्री AI Training, योगी सरकार ने शुरू किया नया मौका
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने युवाओं, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों के लिए ऑनलाइन AI प्रशिक्षण शुरू किया, कोर्स पूरा करने पर मिलेगा प्रमाणपत्र।
उत्तर प्रदेश में युवाओं के कौशल विकास और रोजगार क्षमता बढ़ाने की दिशा में योगी सरकार ने एक और अहम कदम उठाया है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने युवाओं और आम नागरिकों के लिए मुफ्त ऑनलाइन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। इस पहल के तहत इच्छुक अभ्यर्थी घर बैठे AI की बुनियादी जानकारी और उसके उपयोग को सीख सकेंगे।
कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक और ITI के प्रधानाचार्य हरीश मिश्रा के अनुसार यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों, नौकरीपेशा लोगों और तकनीक में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। बदलती तकनीक और रोजगार के नए अवसरों को देखते हुए यह कोर्स युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है।
इस प्रशिक्षण की अवधि लगभग तीन घंटे रखी गई है। कोर्स पूरा होने के बाद प्रतिभागियों का ऑनलाइन मूल्यांकन किया जाएगा। सफल अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और ओरेकल विश्वविद्यालय की ओर से प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि आज के समय में AI से जुड़ी जानकारी न सिर्फ तकनीकी दृष्टि से बल्कि करियर और रोजगार के लिहाज से भी बहुत महत्वपूर्ण हो गई है। ऐसे में यह कार्यक्रम युवाओं के कौशल विकास में मदद करेगा और उन्हें डिजिटल दुनिया की जरूरतों के मुताबिक तैयार करेगा।
इच्छुक अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “AI For All” लिंक के माध्यम से निशुल्क पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद प्रशिक्षण तुरंत शुरू किया जा सकता है।


