अखिलेश यादव के JPNIC जाने से पहले लखनऊ में सुरक्षा सख्त, बैरिकेडिंग और PAC तैनात

जयप्रकाश नारायण की जयंती पर सुबह 11 बजे सोशलिस्ट म्यूजियम पहुंचने का प्रस्तावित कार्यक्रम, LDA के अधिकारी भी परिसर में मौजूद

लखनऊ। लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गोमतीनगर स्थित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) के बाहर पुलिस ने बैरिकेडिंग कराई है। परिसर के भीतर पीएसी की कई कंपनियां तैनात की गई हैं और लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, अखिलेश यादव सुबह करीब 11 बजे सोशलिस्ट म्यूजियम पहुंचकर जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। कार्यक्रम को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट है। अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा इंतजामों की निगरानी की जा रही है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

JPNIC के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर बैरिकेडिंग की गई है और गेट पर टीन की चादरें लगाई गई हैं। परिसर तक पहुंचने वाले रास्तों पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। प्रशासन की ओर से एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

जयप्रकाश नारायण की जयंती पर JPNIC में माल्यार्पण को लेकर पहले भी विवाद की स्थिति बन चुकी है। वर्ष 2023 में अखिलेश यादव को प्रवेश नहीं मिलने पर वह गेट फांदकर परिसर के भीतर पहुंचे थे और प्रतिमा पर माल्यार्पण किया था। इस बार भी उनके प्रस्तावित दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Back to top button