आंध्र प्रदेश में डीजल भरते समय डंपर में लगी आग, पांच मजदूरों की दर्दनाक मौत
अल्लूरी सीताराम राजू जिले के पिनाकोटा गांव में हुआ हादसा, चिंगारी से आग लगने की आशंका; पुलिस ने शुरू की जांच
आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में सड़क निर्माण स्थल पर दर्दनाक हादसा हो गया। डंपर में डीजल भरने के दौरान आग लगने से पांच मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना अनंतगिरी मंडल के पिनाकोटा गांव में हुई।
पुलिस अधीक्षक अमित बरदार ने बताया कि घटनास्थल मुख्य इलाके से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित है। ऐसे दुर्गम क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूर अक्सर वाहनों में ईंधन भरने के लिए ड्रमों में डीजल लेकर पहुंचते हैं। शुरुआती आशंका है कि डंपर की टंकी में डीजल भरते समय किसी चिंगारी के कारण आग लगी।
पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह विस्फोट नहीं, बल्कि दुर्घटनावश लगी आग थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पांच लोगों की मौत की पुष्टि की गई है।


