इटावा अग्निकांड में झुलसी महिला की मौत, श्राद्ध का भोजन बनाते समय गैस रेगुलेटर लीक होने से लगी थी आग

भरथना के शुक्लागंज मोहल्ले में हुआ हादसा, सैफई पीजीआई में इलाज के दौरान रश्मि ने तोड़ा दम; अन्य घायलों का उपचार जारी

इटावा। भरथना कस्बे के शुक्लागंज मोहल्ले में श्राद्ध का भोजन बनाते समय हुए अग्निकांड में झुलसी रश्मि की इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्हें गंभीर हालत में सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह घर में श्राद्ध का भोजन तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर के रेगुलेटर से गैस लीक होने के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और खाना बना रहीं दो महिलाएं इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं। महिलाओं को बचाने की कोशिश में परिवार के दो पुरुष भी झुलस गए।

हादसे के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने आग बुझाने तथा घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घायलों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से झुलसे तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए सैफई रेफर किया गया।

इस हादसे में रश्मि की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। एक अन्य महिला और पुरुष का सैफई में उपचार जारी है। आग से घर में रखे घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचा।

Related Articles

Back to top button