केरल में जज के नाबालिग बेटे की मर्सिडीज से टक्कर, 54 वर्षीय स्कूटर सवार की मौत

चेरानेल्लूर में तड़के हुआ हादसा, मृतक खाने का स्टॉल चलाकर पालते थे परिवार; पुलिस ने दर्ज किया मामला

केरल के चेरानेल्लूर में रविवार तड़के मर्सिडीज-बेंज कार की टक्कर से 54 वर्षीय स्कूटर सवार की मौत हो गई। आरोप है कि कार एक अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश का नाबालिग बेटा चला रहा था। पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब दो से तीन बजे के बीच हुआ। मृतक की भतीजी ने बताया कि उनके चाचा खाने का स्टॉल चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। हादसे के समय वह स्कूटर से घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उस पर रखा सामान सड़क पर बिखर गया। परिवार ने मामले में कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। पुलिस के मुताबिक, कार न्यायाधीश के नाम पर पंजीकृत है और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button