निर्मल कपूर ने पोते अर्जुन कपूर को लिखकर बताई थी दिल की ख्वाहिश

निर्मल कपूर का निधन हो गया है। कल 02 मई को उन्होंने आखिरी सांस ली। आज शनिवार दोपहर पवन हंस श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। वे 90 वर्ष की थीं। निर्मल कपूर के परिवार में बेटे निर्माता बोनी कपूर, एक्टर अनिल कपूर, संजय कपूर और बेटी रीना कपूर हैं। इसके अलावा पोते-पोतिया- सोनम कपूर, अर्जुन, खुशी-जान्हवी और अंशुला हैं। यूं तो निर्मल कपूर ने खुशहाल जीवन जीया। बेटे-बहुओं से लेकर नाती-पोते तक उन पर जान लुटाते थे। मगर, निर्मल कपूर की एक ख्वाहिश अधूरी रह गई, जो उन्होंने अर्जुन कपूर से जताई थी। जानते हैं
नहीं देख पाईं पोते अर्जुन कपूर की शादी
निर्मल कपूर चाहती थीं कि उनके पोते अर्जुन कपूर जल्दी शादी करके घर बसा लें। उन्होंने अपने पोते को लिखकर दिल की यह ख्वाहिश जताई थी। खुद अर्जुन कपूर ने साल 2018 में एक पोस्ट शेयर किया था। साझा की गई तस्वीर में एक चिट्ठी की झलक दिखी। जिस पर लिखा था, ‘अर्जुन कपूर जल्दी शादी करो’। इसके साथ अर्जुन कपूर ने कैप्शन लिखा, ‘जब आपकी दादी के तोहफे में धमकी और गुजारिश के साथ प्यार और आदेश सब कुछ एक साथ हो’ ! हालांकि, अर्जुन कपूर अभी सिंगल हैं। पोते की शादी देखने की ख्वाहिश निर्मल कपूर दिल में लेकर ही चली गईं।
सोनम कपूर से था बेहद लगाव
अनिल कपूर की बेटी और अभिनेत्री सोनम कपूर का अपनी दादी निर्मल कपूर से बेहद लगाव रहा। बीते वर्ष दादी के 90वें जन्मदिन पर सोनम ने एक पोस्ट साझा किया। इसमें उन्होंने अपनी शादी की विदाई की वह तस्वीर भी शेयर की, जब दादी से मिलकर वे खूब रोईं। इसके अलावा एक तस्वीर में निर्मल कपूर परपोते वायु यानी सोनम के बेटे को गोद में खिलाती नजर आ रही हैं।