नोएडा सेक्टर-18 में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो गिरफ्तार
डीएलएफ तिराहे के पास चेकिंग के दौरान भागने लगे बाइक सवार आरोपी, गोली लगने से एक घायल; तमंचा, कारतूस, मोबाइल और नकदी बरामद
नोएडा। नोएडा के सेक्टर-18 में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना 16 अक्टूबर की रात थाना सेक्टर-20 क्षेत्र में डीएलएफ तिराहे के पास हुई।
पुलिस के अनुसार, टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो मल्टीलेवल पार्किंग के सामने झाड़ियों के पास आरोपियों ने गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में सलमान उर्फ राजा उर्फ मामा घायल हो गया।
पुलिस ने सलमान के कब्जे से तमंचा, खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और 12,400 रुपये बरामद किए। वहीं, दूसरे आरोपी दानिश को तलाशी अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया। उसके पास से छीना गया एक मोबाइल फोन और 2,000 रुपये मिले। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई कर रही है।



