मथुरा में टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा, जहरीली गैस से चार छात्रों की मौत
एक छात्र को बचाने टैंक में उतरे थे साथी, चार की जान गई; एक की हालत गंभीर, प्रशासन ने शुरू की जांच
मथुरा। वृंदावन के चैतन्य विहार सेक्टर-2 स्थित पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में पानी के टैंक की सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। टैंक के अंदर जहरीली गैस की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, टैंक से दुर्गंध आने के बाद एक छात्र सफाई के लिए अंदर उतरा था। उसके काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उसे बचाने के लिए अन्य छात्र भी टैंक में उतर गए। इसके बाद एक-एक कर सभी बेहोश होने लगे। आसपास मौजूद लोगों और गुरुकुल के अन्य छात्रों की मदद से सभी को टैंक से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने चार छात्रों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 22 वर्षीय मनू कटारे, 19 वर्षीय विशू शर्मा, 16 वर्षीय आर्यन पांडेय और 17 वर्षीय देवांश शर्मा के रूप में हुई है। पांचवें छात्र का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद गुरुकुल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में टैंक के भीतर जहरीली गैस बनने की आशंका जताई गई है।
हादसे ने गुरुकुल में छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन की ओर से मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है और घटना के कारणों तथा सुरक्षा मानकों की पड़ताल की जा रही है।