मोगा में ताबड़तोड़ फायरिंग, दो युवकों की मौत; आज घटनास्थल पर पहुंचेंगे पंजाब के डीजीपी
स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने दुकान के बाहर बैठे युवकों पर चलाईं गोलियां, तीन घायल अस्पताल में भर्ती; पीड़ित परिवारों से बात करेंगे गौरव यादव
पंजाब के मोगा में फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। रविवार को अंगदपुरा मोहल्ले में दुकान के बाहर बैठे युवकों पर काले रंग की स्कॉर्पियो में आए हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस घटना में पांच युवक घायल हो गए, जिनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय गगन जिंदल और 40 वर्षीय साहिल जिंदल के रूप में हुई है। दोनों एक ही परिवार से थे।
जानकारी के मुताबिक, घायलों में कुछ को गोली लगी, जबकि एक युवक छर्रे लगने से घायल हुआ। तीन घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना के बाद पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव सोमवार को घटनास्थल का दौरा करेंगे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर बातचीत करेंगे।
पुलिस को शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की आशंका है। मोगा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरताज सिंह चहल के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। हमलावरों की पहचान और फायरिंग के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।


