लखनऊ में बाढ़ का पानी उतरा, अब सांपों का खतरा; गंदगी और दुर्गंध से लोग बेहाल
फैजुल्लागंज की बस्तियों में सफाई के दौरान निकले सांपों के बच्चे, लोग खुद खरीद रहे चूना और ब्लीचिंग पाउडर; संक्रामक बीमारियों का बढ़ा डर
लखनऊ। राजधानी के फैजुल्लागंज में बाढ़ का पानी उतरने के बाद अब लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। घरों और गलियों में जमा कीचड़, गंदगी और दुर्गंध के बीच जहरीले जीवों का खतरा भी मंडराने लगा है। सफाई के दौरान कई घरों में सांप निकलने की घटनाएं सामने आई हैं। इससे बाढ़ प्रभावित परिवारों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दाउदनगर और आसपास की बस्तियों में पानी उतरने के बाद भी गंदगी का ढेर लगा है। नरकुल बस्ती में सफाई के दौरान एक ही दिन में सांप के 10 से अधिक बच्चे निकलने की बात सामने आई। एक अन्य घर में भी सांप मिला। ऐसे में लोगों को बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों की सुरक्षा की चिंता सता रही है।
हालात यह हैं कि लोग सफाई व्यवस्था का इंतजार करने के बजाय खुद चूना और ब्लीचिंग पाउडर खरीदकर घरों और गलियों की सफाई कर रहे हैं। मामा कॉलोनी में कई परिवार कीचड़ निकालने में जुटे दिखाई दिए। बाढ़ के दौरान घरों में कई फीट तक पानी भरने से दरवाजे खराब हो गए और कुछ घरों की बोरिंग भी प्रभावित हुई। कई रास्तों पर पानी जमा रहने से परेशानी बनी हुई है।
इस बीच, प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को स्वच्छ पेयजल, राशन वितरण और सफाई अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। अब प्रभावित लोगों को इंतजार है कि प्रशासन कब प्रभावी सफाई और छिड़काव कराकर उन्हें गंदगी, बीमारियों और जहरीले जीवों के खतरे से राहत दिलाएगा।