ग्वालियर हादसा: गूगल मैप देखते ट्रक चालक ने 15 श्रद्धालुओं को कुचला, चालक-मालिक गिरफ्तार
शीतला माता मंदिर के पास भीषण दुर्घटना में 15 की मौत, 26 घायल; लापरवाही के आरोप में आठ पुलिसकर्मी निलंबित, मुख्यमंत्री ने दिए जांच के निर्देश
ग्वालियर / मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब डेढ़ बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ, जहां श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए कतार में खड़े थे।
जानकारी के अनुसार, धान से लदा तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि चालक मोबाइल पर गूगल मैप देखकर रास्ता तय कर रहा था। ट्रक ने पुलिस जांच चौकी को तोड़ते हुए श्रद्धालुओं को कुचल दिया और मंदिर की दीवार व प्रवेश द्वार से जा टकराया। टक्कर में दीवार ढह गई और कई लोग मलबे में दब गए।
पुलिस ने ट्रक चालक और मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर लापरवाही के आरोप में आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
