दिल्ली में आज और कल शराब की दुकानें बंद, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के मद्देनजर फैसला

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 9 और 10 अक्टूबर को सभी लाइसेंसी खुदरा शराब की दुकानें बंद रहेंगी। दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग ने यह फैसला कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया है। विभाग के आदेश के अनुसार, दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए दो दिनों तक शराब की खुदरा बिक्री पर रोक रहेगी।

यह फैसला मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शनों के बीच लिया गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है। संगठन विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध कर रहा है। विपक्षी दल भी इस मुद्दे पर निर्वाचन आयोग से सवाल उठा रहे हैं।

प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दिल्ली में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। अधिकारियों ने लोगों से बिना अनुमति आयोजित सभाओं में शामिल होने से बचने की अपील की है।

शराब की दुकानों को बंद रखने का उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम करना और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखना है। यह प्रतिबंध खुदरा शराब की दुकानों पर लागू है; वैध आबकारी लाइसेंस वाले बार, क्लब और रेस्तरां में शराब परोसने की व्यवस्था पर आदेश का असर अलग हो सकता है।

Related Articles

Back to top button