भारत पर हर हफ्ते हो रहे 3,619 साइबर हमले, दुनिया के औसत से कहीं ज्यादा खतरा

बैंकिंग और सरकारी संस्थान साइबर अपराधियों के निशाने पर, बैंकिंग मालवेयर का खतरा वैश्विक औसत से करीब तीन गुना; सीईआरटी-इन ने जारी की चेतावनी

नई दिल्ली। भारत में साइबर अपराध का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। देश के सरकारी संस्थानों, बैंकों और निजी कंपनियों पर साइबर हमलों की संख्या चिंताजनक स्तर पर पहुंच गई है। एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 25 मई से 16 नवंबर 2026 के बीच भारतीय संगठनों पर हर हफ्ते औसतन 3,619 साइबर हमले हुए। वहीं, दुनिया में साइबर हमलों का औसत प्रति सप्ताह 2,435 रहा। इस तरह भारत में साइबर हमलों की संख्या वैश्विक औसत से काफी अधिक दर्ज की गई।

रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में सरकारी संस्थान और वित्तीय सेवाओं से जुड़े संगठन साइबर अपराधियों के प्रमुख निशाने पर हैं। खासतौर पर बैंकिंग क्षेत्र में मालवेयर का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। भारत में बैंकिंग मालवेयर का जोखिम दुनिया के औसत से करीब तीन गुना बताया गया है।

इस बीच इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (CERT-In) ने भी साइबर सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी जारी की है। इसमें वित्तीय लेनदेन में धोखाधड़ी, पेमेंट सिस्टम के दुरुपयोग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित साइबर हमलों को लेकर सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।

चेक प्वॉइंट सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजीज के प्रबंध निदेशक एवं भारत और दक्षिण एशिया प्रमुख कृष्णन वीवी ने संगठनों को अपने नेटवर्क, सिस्टम और यूजर अकाउंट पर लगातार निगरानी रखने की सलाह दी है।

रिपोर्ट में कंपनियों को सुरक्षा संबंधी कमजोरियों को समय रहते दूर करने, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने और इंटरनेट से जुड़े सिस्टम, एप्लिकेशन तथा थर्ड-पार्टी कनेक्शन को नियमित रूप से अपडेट रखने पर जोर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button