सीएम योगी की पहल से पराली बनी किसानों की कमाई का जरिया, प्रति एकड़ 3 हजार रुपये तक की बचत

खेतों के अवशेष से तैयार हो रही बायोगैस, बाराबंकी के संयंत्र में रोजाना हो रहा उत्पादन, प्रदेश में 40 संयंत्र संचालित और 78 नए स्थापित करने की तैयारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पराली जलाने की समस्या से निपटने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल अब किसानों के लिए आर्थिक लाभ का नया रास्ता खोल रही है। खेतों में फसल कटाई के बाद बचने वाले अवशेषों को अब बेकार समझकर जलाने के बजाय उपयोगी संसाधन के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ पर्यावरण को भी राहत मिल रही है।

सरकार की इस पहल के तहत पराली का संग्रहण कर उसे बायोगैस उत्पादन में इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे किसानों को प्रति एकड़ लगभग 2,500 से 3,000 रुपये तक की बचत हो रही है। साथ ही पराली के उचित उपयोग से खेतों में अवशेष जलाने की मजबूरी भी कम हो रही है।

बाराबंकी स्थित संपीड़ित जैव गैस संयंत्र में कृषि अवशेषों की मदद से प्रतिदिन बायोगैस तैयार की जा रही है। प्रदेश में वर्तमान में 40 बायोगैस संयंत्र संचालित हैं। इसके अलावा भविष्य में 78 नए संयंत्र स्थापित करने की योजना है।

इस व्यवस्था से किसानों को आर्थिक फायदा मिलने के साथ वायु प्रदूषण पर नियंत्रण में भी मदद मिल सकती है। सरकार का उद्देश्य कृषि अवशेषों का बेहतर उपयोग करके किसानों की आय बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

Related Articles

Back to top button