आरएसएस के मुख्यालय पर फहराया तिरंगा, संघ ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली:पूरा देश आज पूरे हर्षोल्लास के साथ गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस अवसर पर नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय पर भी तिरंगा फहराया गया। संगठन ने पूरे देश को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी हैं और देश के निर्माण के लिए अपनी तरफ से हर संभव योगदान देने के लिए सदैव तत्पर रहने की अपील की है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सह सरकार्यवाह आलोक कुमार ने आज 76वें गणतंत्र दिवस पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस अवसर पर संघ के मुख्यालय केशव कुंज, झंडेवालान कार्यालय में तिरंगा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश 15 अगस्त 1947 को आजाद हुआ था, परंतु इसके बाद भी कुछ समय तक हमारा देश अंग्रेजों के नियमों-कानूनों के अनुसार चल रहा था। अपने देश के कानून के शीर्ष विद्वान डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में देश के संविधान का निर्माण हुआ और इसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया।
आलोक कुमार ने कहा कि आज हमारा देश पूरी तीव्र गति से विकास कर रहा है। यह और तेजी से उन्नति करे, यही ईश्वर से कामना है। उन्होंने आज 76वें गणतंत्र दिवस पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र निर्माण में अपनी तरफ से हर संभव योगदान देने के लिए सदैव तत्पर रहने की अपील की।