इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस: आमिर खान के भांजे पर क्यों हुई कार्रवाई? जानें पूरा विवाद
सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग वाले प्रदर्शन में हुए थे शामिल, मुंबई पुलिस ने 28 अक्तूबर तक देश छोड़ने को कहा
बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को मुंबई पुलिस ने 28 अक्तूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है। आमिर खान के भांजे इमरान हाल ही में मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में भी लिया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, इमरान खान के पास अमेरिकी पासपोर्ट है। उन पर भारतीय नागरिक न होने के बावजूद प्रदर्शन में हिस्सा लेने का आरोप है। इस मामले में इमिग्रेशन एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू किए जाने की बात सामने आई है।
हिरासत में लिए जाने के बाद इमरान ने सोशल मीडिया पर पुलिस वैन में बैठी अपनी तस्वीर साझा की थी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह मुंबई के निवासी के तौर पर प्रदर्शन में पहुंचे थे। उन्होंने सवाल उठाया कि लोगों की आवाजाही की आजादी पर पाबंदियां क्यों लगाई जा रही हैं और लोगों की आवाज क्यों दबाई जा रही है।



