क्यों गर्मी में आ रही आंधी-बारिश? नहीं चल रही लू, इस वजह से अलग नजर आ रही 2025 की गर्मी

नई दिल्ली: देश में पड़ रही गर्मी इस बार अब तक सामान्य से बिल्कुल अलग नजर आ रही हैं। आमतौर पर मई का महीना भीषण गर्मी के साथ साथ गर्म हवाओं के लिए जाना जाता है लेकिन आधा माह बीत जाने के बाद भी तापमान कम हैं। बारिश सामान्य से ज्यादा हो रही है। इसी के चलते उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक, हर जगह मौसम ने राहत दी है।
निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर का अनुमान है कि, साल 2025 में गर्मी का मौसम बदलाव देखने को मिल रहा है। मार्च से मई के मध्य तक भारत में कहीं भी तापमान रिकॉर्ड तोड़ स्तर पर नहीं पहुंचा। राजस्थान,गुजरात समेत कुछ राज्यों में अप्रैल में थोड़े दिन जरूर लू का प्रभाव दिखा लेकिन ये प्रभाव में भी सीमित ही रहा। कोर हीटवेव जोन जिसमें मध्य,उत्तर और दक्षिण भारत के हिस्से आते हैं। उनमें अभी तक लू का कोई प्रकोप देखने को नहीं मिल रहा है। साल 2025 में केवल 1 मई को ही दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में लू का प्रभाव दिखाई दिया था।
इस बार मौसम बदलने की यह है वजह
इस वर्ष के तापमान में आई गिरावट की वजह पश्चिमी विक्षोभ और बारिश को माना जा रहा है। इसी वजह से ही अधिकतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। 2 से 8 मई के बीच देश में औसतन 20 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। जबकि 8 से 14 मई के बीच 35 प्रतिशत वर्षा अधिक रिकॉर्ड की गई। अगले कुछ दिनों में भी पूर्वोत्तर, मध्य भारत और पश्चिमी तट पर बारिश का पूर्वामान है। दरअसल, इस साल तेज धूप की जगह बारिश और बादलों ने ली है।
मई महीने में दक्षिण और मध्य भारत के कई हिस्सों में औसत से अधिक बारिश हुई है। लगातार पश्चिमी विक्षोभों के चलते देश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और उत्तराखंड जैसे राज्यों में यह असर दिखा। अब तक 14 राज्यों में अत्यधिक और 5 राज्यों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है।