टाइगर श्रॉफ पर ताबड़तोड़ फायरिंग, चश्मदीद ने बताया कैसे बाल-बाल बचे अभिनेता

फुटबॉल मैच के बाद घर लौटते समय हुआ हमला, चालक को लगीं दो गोलियां; सात राउंड फायरिंग की बात आई सामने

मुंबई के जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले के बाद घटना की चश्मदीद महिला सलमा शेख ने आंखों देखा हाल बताया। उनके मुताबिक, रविवार शाम फुटबॉल मैच खत्म होने के बाद टाइगर अपनी कार से घर लौट रहे थे, तभी मुख्य सड़क पर एक युवक ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

महिला ने बताया कि शुरुआत में लोगों को लगा कि दिवाली के पटाखे फूट रहे हैं। बाद में कार रुकने पर टाइगर नीचे लेट गए। अभिनेता को चोट नहीं आई, लेकिन उनके चालक को गोली लग गई। एक गोली कोहनी में और दूसरी हथेली के आर-पार हो गई। घायल चालक को नानावटी अस्पताल ले जाया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने सात राउंड फायरिंग की, जिनमें पांच गोलियां कार पर लगीं और दो निशाने से चूक गईं। बताया जा रहा है कि एक हमलावर की बंदूक जाम हो गई, जिससे टाइगर बच गए। घटना के बाद अपराध शाखा मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Back to top button