दिल्ली आयकर विभाग में खिलाड़ियों के लिए 119 सरकारी नौकरियां, 10 नवंबर तक करें आवेदन
कर सहायक, आशुलिपिक और मल्टी-टास्किंग स्टाफ के पदों पर भर्ती; दसवीं, बारहवीं और स्नातक पास खिलाड़ी कर सकते हैं आवेदन, पुरुषों के लिए 67 और महिलाओं के लिए 52 पद।
नई दिल्ली। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों के लिए आयकर विभाग ने भर्ती निकाली है। प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त कार्यालय, दिल्ली क्षेत्र की ओर से खेल कोटे के तहत कुल 119 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें कर सहायक के 44, आशुलिपिक ग्रेड-द्वितीय के नौ और मल्टी-टास्किंग स्टाफ के 66 पद शामिल हैं।
आवेदन प्रक्रिया 17 अक्तूबर 2026 से शुरू हो गई है। योग्य अभ्यर्थी 10 नवंबर 2026 को रात 11:59 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट incometaxdelhi.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कर सहायक पद के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक, आशुलिपिक के लिए बारहवीं और मल्टी-टास्किंग स्टाफ के लिए दसवीं पास होना जरूरी है। आयु सीमा पद के अनुसार 18 से 25 या 27 वर्ष रखी गई है। पात्र उत्कृष्ट खिलाड़ियों को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष और अनुसूचित जाति तथा जनजाति के खिलाड़ियों को दस वर्ष तक की छूट मिल सकती है।
भर्ती में 27 खेलों के खिलाड़ियों के लिए अवसर है। कुल पदों में 67 पुरुष और 52 महिला खिलाड़ियों के लिए निर्धारित हैं।




