धनतेरस पर खरीदी नई कार बनी काल, आगरा के दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत

पूजन के लिए गांव जा रहे परिवार की कार डीसीएम में पीछे से घुसी, तीन की मौत और तीन गंभीर रूप से घायल; घर में मचा कोहराम

उत्तर प्रदेश के इटावा में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में आगरा के राहुल नगर निवासी दो सगे भाइयों मोहित और गोविंद समेत उनके मौसेरे भाई विकास की मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, मोहित ने करीब दो सप्ताह पहले धनतेरस पर नई अर्टिगा कार खरीदी थी। मंगलवार सुबह वह अपने भाई गोविंद, हरिओम, भतीजे हिमांशु, रोहताश और मौसेरे भाई विकास के साथ कार से गांव में पूजन कराने जा रहे थे। इसी दौरान इटावा के चौबिया थाना क्षेत्र में चौपला कट के पास उनकी कार आगे चल रही डीसीएम में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन डिवाइडर पर चढ़ गए।

हादसे में मोहित, गोविंद और विकास की जान चली गई, जबकि हरिओम, हिमांशु और रोहताश गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

Related Articles

Back to top button