भारत और पाकिस्तान के बीच हुई डीजीएमओ स्तर की वार्ता, 10 मई को बनी सहमति पर चर्चा

नई दिल्ली:  भारत और पाकिस्तान के सैन्य महानिदेशकों (डीजीएमओ) ने सोमवार को वार्ता की। जानकारी के मुताबिक, दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों ने 10 मई को संघर्ष विराम पर बनी आपसी सहमति पर चर्चा की। इसमें सीमा पार गोलीबारी और सैन्य कार्रवाइयों को रोकने पर सहमति बनी थी। यह बातचीत हॉटलाइन पर दोपहर 12 बजे तय थी, लेकिन यह शाम 5 बजे शुरू हुई। बातचीत के अंतिम परिणाम अब तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

इस बीच, भारतीय सेना ने एक बयान में कहा, आज शाम पांच बजे भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच वार्ता हुई। इस प्रतिबद्धता को जारी रखने के संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई कि दोनों पक्षों को एक भी गोली नहीं चलानी चाहिए या एक-दूसरे के खिलाफ कोई आक्रामक और शत्रुतापूर्ण कार्रवाई नहीं करनी चाहिए। सेना ने कहा कि इस बात पर भी सहमति बनी की दोनों पक्ष सीमा और अग्रिम क्षेत्रों में सैनिकों की संख्या में कमी सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाएंगे।

पहलगाम हमले के बाद शुरू किया गया ऑपरेशन सिंदूर
बता दें कि 22 अप्रैल को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने 26 लोगों की नृशंस हत्या कर दी थी। इस हमले के तार पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और पाकिस्तानी सेना से जुड़ते हुए मिले। मृतकों में अधिकांश पर्यटक शामिल थे। इसके बाद भारतीय सेना ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया। जिसके तहत पाकिस्तान में नौ आंतकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मुताबिक सौ से ज्यादा आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा गया।

भारतीय सेना ने दिखाए आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई के सबूत
भारत की तीनों सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने मीडिया ब्रीफिंग में ऑपरेशन सिंदूर की विस्तार से जानकारी दी है। इन अधिकारियों ने लगातार दो दिन मीडिया ब्रीफिंग दी। अधिकारियों ने पाकिस्तान में की गई सैन्य कार्रवाई के सबूत दिखाए।

Related Articles

Back to top button