मतदाता सूची से नाम कटने पर भाजपा का जवाबी अभियान, घर-घर जाकर कांग्रेस के आरोपों का देगी जवाब
एसआईआर और चुनाव आयोग पर उठे सवालों के बीच भाजपा तैयार कर रही 24 पन्नों का दस्तावेज, सोशल मीडिया के जरिए भी जनता तक पहुंचाएगी अपना पक्ष।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी देशव्यापी जनसंपर्क अभियान शुरू करने की तैयारी में है। इस अभियान के तहत पार्टी कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों का जवाब जनता तक पहुंचाएगी।
जानकारी के मुताबिक, भाजपा अगले सप्ताह से अभियान शुरू कर सकती है। इसके लिए 24 पन्नों का एक विस्तृत दस्तावेज तैयार किया जा रहा है, जिसमें एसआईआर और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष के सवालों के जवाब शामिल होंगे।
पार्टी सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लोगों से संपर्क करने की जिम्मेदारी दी जा सकती है। अभियान को सोशल मीडिया और दूसरे संचार माध्यमों के जरिए भी आगे बढ़ाया जाएगा।
भाजपा कांग्रेस के शासनकाल से जुड़े कुछ मामलों को भी सामने लाने की योजना बना रही है। एसआईआर और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर जारी राजनीतिक बहस के बीच इस अभियान का उद्देश्य जनता के सामने भाजपा का पक्ष रखना है।



