संजय दत्त की नई फिल्म ‘आखिरी सवाल’ का पोस्टर रिलीज, 15 मई 2026 को होगी रिलीज
‘धुरंधर’ के बाद संजय दत्त एक और दमदार प्रोजेक्ट के साथ लौटे, फिल्म को लेकर बढ़ी दर्शकों की उत्सुकता

बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त अपनी सुपरहिट फिल्म फ्रेंचाइजी ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर द रिवेंज’ की सफलता के बाद अब एक नई फिल्म के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘आखिरी सवाल’ का आधिकारिक पोस्टर जारी कर दिया गया है, जिससे फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। यह फिल्म 15 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पोस्टर में संजय दत्त का गंभीर और रहस्यमयी लुक दर्शाया गया है, जिसके बीच बड़ा प्रश्नचिह्न फिल्म की कहानी को लेकर सस्पेंस और बढ़ा देता है।
फिल्म की टैगलाइन “वो सवाल जो भारत ने पूछना कभी बंद नहीं किया” इसे एक गहरे सामाजिक और ऐतिहासिक विषय की ओर इशारा करती है। फिल्म का कथानक भारत के एक महत्वपूर्ण संगठन की 100 साल की यात्रा और उससे जुड़े ऐतिहासिक पहलुओं पर आधारित बताया जा रहा है।
फिल्म में संजय दत्त के साथ अमित साध, नमाशी चक्रवर्ती, समीरा रेड्डी, त्रिधा चौधरी और नीतू चंद्रा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
इस फिल्म का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर अभिजीत मोहन वारंग कर रहे हैं। वहीं इसे नीम ट्री एंटरटेनमेंट और निखिल नंदा मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बनाया जा रहा है।
फिल्म के मेकर्स का दावा है कि यह प्रोजेक्ट दर्शकों को एक गहरी सोच और ऐतिहासिक दृष्टिकोण से जोड़ने का प्रयास करेगा। पोस्टर रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और दर्शक इसके ट्रेलर का इंतजार कर रहे हैं।



