बीच सड़क कैंटीन संचालक की हत्या
में बाइक सवार बदमाशों ने रोककर मारी ताबड़तोड़ गोलियां, वारदात के बाद फरार हुए आरोपी
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा में शुक्रवार देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने शराब कैंटीन संचालक अमन की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब अमन कैंटीन बंद करने के बाद घर लौट रहे थे। बदमाशों ने रास्ते में उन्हें रोककर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए।
गोली लगने के बाद अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमन को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सिविल लाइंस कोतवाली पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कोतवाली का घेराव किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। बाइक सवार हमलावरों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस हत्या के पीछे की वजह का भी पता लगाने में जुटी है।
वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।



