घर में चूहों को खुद बुला रही हैं आपकी ये 5 गलतियां! तुरंत सुधार लें वरना बढ़ सकती है परेशानी
रसोई की गंदगी से लेकर खुला पड़ा खाना तक, छोटी लापरवाही बन सकती है चूहों का बड़ा ठिकाना
गर्मियों के मौसम में घरों में चूहों की समस्या तेजी से बढ़ जाती है। एक बार अगर चूहे घर में घुस जाएं, तो राशन खराब करने से लेकर वायर काटने और बीमारियां फैलाने तक कई परेशानियां खड़ी कर सकते हैं। लेकिन कई बार अनजाने में हमारी ही कुछ आदतें चूहों को घर में आने का न्योता देती हैं।
सबसे बड़ी गलती है घर में खाना खुला छोड़ देना। किचन में खुले बर्तन, बिना ढके डिब्बे या रातभर बाहर रखा खाना चूहों को तेजी से आकर्षित करता है। खासतौर पर अनाज और मीठी चीजों की गंध उन्हें आसानी से घर तक खींच लाती है।
दूसरी बड़ी वजह है किचन और घर की सफाई में लापरवाही। सिंक में पड़े गंदे बर्तन, फर्श पर गिरे खाने के टुकड़े और कूड़ेदान की बदबू चूहों के लिए आसान भोजन का इंतजाम बन जाती है। नियमित सफाई न होने पर चूहे जल्दी अपना ठिकाना बना लेते हैं।
घर की दीवारों, दरवाजों या पाइपलाइन के आसपास छोटे-छोटे छेद भी बड़ी समस्या बन सकते हैं। चूहे बेहद छोटे गैप से भी आसानी से अंदर घुस जाते हैं। इसलिए घर में मौजूद दरारों और छेदों को समय रहते बंद करना जरूरी है।
कई लोग पुराने सामान, अखबार और कबाड़ को लंबे समय तक जमा करके रखते हैं। यही जगहें चूहों के छिपने और रहने की सुरक्षित जगह बन जाती हैं। स्टोर रूम और कोनों की नियमित सफाई बेहद जरूरी है।
इसके अलावा पालतू जानवरों का बचा हुआ खाना भी चूहों को आकर्षित करता है। अगर घर में डॉग या कैट फूड लंबे समय तक खुला पड़ा रहता है, तो इससे चूहों की आवाजाही बढ़ सकती है।
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि घर को साफ, सूखा और व्यवस्थित रखने से चूहों की समस्या काफी हद तक रोकी जा सकती है। साथ ही जरूरत पड़ने पर ट्रैप या पेस्ट कंट्रोल की मदद लेना भी बेहतर विकल्प हो सकता है।




