बम की धमकी से हवा में मचा हड़कंप, फ्रांस के सैन्य अड्डे पर उतरा विमान
डबलिन से रोम जा रही एयरबस ए320 का बदला रास्ता, यूरोप की कई उड़ानों को मिल चुकी हैं बम से उड़ाने की धमकियां
यूरोप में विमानों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला लगातार जारी है। गुरुवार को डबलिन से रोम जा रही एयरलाइंस की उड़ान को बम की धमकी मिलने के बाद फ्रांस की ओर मोड़ दिया गया। एयरबस ए320 विमान की आपातकालीन लैंडिंग नॉरमैंडी क्षेत्र के एव्रू सैन्य एयरबेस पर कराई गई। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।
उड़ान पर नजर रखने वाली वेबसाइट के मुताबिक, विमान ने पेरिस के पास पहुंचने के बाद अपना रास्ता बदल लिया और आपातकाल घोषित किया। फ्रांस के अधिकारियों ने पूरे मामले की निगरानी शुरू कर दी है।
इससे पहले भी यूरोप की कई उड़ानों को बम की धमकियां मिल चुकी हैं। मंगलवार को कम से कम सात उड़ानों और एक क्रूज जहाज को निशाना बनाया गया था। धमकियों के चलते पोलैंड के वारसॉ हवाई अड्डे को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा, जबकि रोम में लड़ाकू विमान तैनात किए गए।
हालांकि, अब तक जांच में किसी विमान से विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। लगातार मिल रही धमकियों ने यूरोप की हवाई सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ा दी हैं।

