जालौन में मां पर डेढ़ साल के बेटे की हत्या का आरोप, गर्दन पर बैठकर ली मासूम की जान
20 दिन पहले बड़ी बेटी पर भी लाठी से किया था हमला, पति की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लिया
उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोटरा थाना क्षेत्र के सीकरी व्यास गांव में एक महिला पर अपने डेढ़ साल के बेटे की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। बताया गया कि महिला बच्चे की गर्दन पर बैठी थी। पिता ने उसे हटाया, लेकिन तब तक मासूम की मौत हो चुकी थी।
परिजनों के मुताबिक, महिला पिछले कई महीनों से मानसिक रूप से परेशान थी और ग्वालियर में उसका उपचार भी चल रहा था। करीब 20 दिन पहले उसने अपनी छह वर्षीय बेटी पर भी लाठी से हमला किया था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पति की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




